छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र में हुआ जमकर बखेड़ा, पूर्व विधायक प्रकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज
रायगढ़। कांग्रेस के पोल खोल अभियान के तहत पुसौर ब्लाक के छिछोर उमरिया धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करने पूर्व विधायक प्रकाश नायक के धान के तौल को लेकर फड़ प्रभारी के साथ कथित झूमाझटकी और मारपीट का मामला सामने आया है। फड़ प्रभारी ने पुसौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है । वहीं दूसरी ओर प्रकाश नायक का कहना है कि तौल में गड़बड़ी मिलने पर फड़ प्रभारी से पूछताछ करने पर वह उनके साथ बदतमीजी करने लगा। बहरहाल, पुसौर पुलिस ने पूर्व विधायक प्रकाश नायक सहित अन्य के विरूद्ध जुर्म दर्ज करते हुए मामले को जांच में लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य के सभी जिलों में धान खरीदी को लेकर पोल खोल अभियान चलाया जा रहा है।
रायगढ़ जिले में भी कांग्रेस के पदाधिकारी धान खरीदी केन्द्रों में जाकर वहां का जायजा ले रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व विधायक प्रकाश नायक ने पुसौर ब्लाक के पदाधिकारियों के साथ छिछोरउमरिया धान खरीदी केन्द्र पहुंच कर वहां मौजूद किसानों से चर्चा की तथा धान खरीदी का निरीक्षण किया। इस दौरान धान के तौल में अनियमितता नजर आने पर उन्होंने फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय से तौल को लेकर पुछताछ की तो उनके बीच बहस हो गई। वहीं विवाद इतना बढ़ा कि बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक चिल्लपों मची। उसके बाद प्रकाश नायक वहां से वापस लौट गये। इधर पूर्व विधायक प्रकाश नायक पर फड़ प्रभारी शिशुपाल भोई के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए समिति प्रबंधन ने पुसौर थाने में कार्रवाई को लेकरी लिखित आवेदन दिया।
वहीं, दूसरी ओर मामले की जानकारी मिलने पर जिला सहकारी समिति संघ के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कहा, छिछोरउमरिया में पूर्व विधायक प्रकाश नायक व उनके साथ आये पुसौर जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रोहित पटेल, सुखसागर गुप्ता, बजरंग गुप्ता, कैलाश गुप्ता, रेशम गुप्ता, उत्तम सिदार व अन्य लोगों द्वारा उपार्जन केन्द्र के फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय के साथ गाली गलौच कर मारपीट की गई है। वहीं इस मामले में उन्होने कार्रवाई करने की मांग की। छिछोरउमरिया समिति प्रबंधन की ओर से फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय द्वारा पुसौर थाने में दी गई लिखित शिकायत पर पुलिस ने पूर्व विधायक प्रकाश नायक, रोहित पटेल सहित उनके साथ गये अन्य लोगों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 296,115, 121, 132, 221, 190, 191 के तहत जुर्म दर्ज करते हुए मामले को जांच में लिया है।
क्या कहते हैं प्रकाश नायक
छिछोरउमरिया धान उपार्जन केन्द्र के फड़ प्रभारी से मारपीट के मामले को एक सिरे से खारिज करते हुए प्रकाश नायक ने कहा कि पोल खोल अभियान के तहत वे धान खरिदी केन्द्र गये थे, जहां धान के तौल में गड़बड़ी हो रही थी। तौल में किसी बोरे में 35 किलो तो किसी में 38 किलो की भर्ती हो रही थी। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि एक बोरे में 59 किलो की भर्ती थी। तौल में गड़बड़ी को लेकर जब फड़ प्रभारी से जवाब तलब किया तो वह बदतमीजी करते हुए धक्का मुक्की करने लगा। मैंने किसी प्रकार से मारपीट नहीं की है। मंडी में सीसीटीवी लगा हुआ है, जिसका फुटेज देखा जा सकता है। प्रकाश नायक ने कहा कि वे किसानों के साथ है और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी, बावजूद इसके पुलिस यदि कार्रवाई करती है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
एसपी दिव्यांग से मिले प्रकाश
पूर्व विधायक प्रकाश नायक देर शाम एसपी कार्यालय पहुंच कर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल से मुलाकात की। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए एसपी श्री पटेल को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि धान में तौल को लेकर हो रही गड़बड़ी पर फड़ प्रभारी शिशुपाल भोय उनसे उलझ गया था।
मारपीट से कर्मचारी हो रहे हैं हतोत्साहित – गबेल
छिछोरउमरिया में पूर्व विधायक प्रकाश नायक व अन्य लोगों द्वारा फड़ प्रभारी के साथ की गई मारपीट की घटना निंदनीय है। चूंकि धान खरीदी का कार्य काफी महत्वपूर्ण है, और इस तरह हमारे कर्मचारियों के साथ मारपीट करना उन्हे हतोत्साहित करना है। वहीं ऐसे में भय का वातावरण निर्मित हो रहा है तथा हमें कार्य करने में परेशानी हो रही है। इस अपराधिक कृत्य में संलिप्त सभी आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।